देशभर में इस समय भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में ऊष्ण लहर से लेकर भीषण ऊष्ण लहर की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और अंडमान-निकोबार में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बांदा में मंगलवार को देश का सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और विदर्भ के कई हिस्सों में तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है। कई इलाकों में दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
इस साल ग्रीष्मकालीन खेती में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, मूंग, उड़द और मक्का की खेती ने पकड़ी रफ्तार।
उत्तर भारत में लू का अलर्ट जारी
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू चल रही है। दिल्ली-एनसीआर में 20 से 23 मई के बीच अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि तेज पश्चिमी हवाएं 20 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं मध्यप्रदेश और विदर्भ के कई जिलों में भी तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
जहां उत्तर भारत गर्मी से बेहाल है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मिजोरम में 21 से 26 मई के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मानसून को लेकर IMD ने दी बड़ी अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। अगले 3 से 4 दिनों में बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून के सक्रिय होने के बाद दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान, जैविक खेती पर सब्सिडी और बीज सखियां… किसानों के लिए शानदार सप्ताह।





