Weather Update: मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तराई में स्थिर हो गई है। इसे सामान्य स्थिति में आने में चार से पांच दिन लगने वाले हैं। इसके सामान्य होने पर ही बारिश की संभावना बनेगी। जबतक शहर में उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। ग्वालियर प्रदेश में सबसे गर्म रहा है।
लगातार बढ़ रही गर्मी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। 18 अगस्त के बाद दो सिस्टम के एक्टिव होने का अनुमान है। हालांकि, यह सिस्टम प्रदेश के पूर्वी हिस्से में ज्यादा सक्रिय रहेंगे। ऐसे में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, प्रदेश में सबसे अधिक था। इससे दिन में उमस होने लगी। गर्मी से राहत के लिए फिर से एसी व कूलर चालू हो गए हैं। रात में भी उमस होने लगी है।
दो चक्रवातीय घेरा बने
-पश्चिमी राजस्थान व उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश के पास चक्रवातीय घेरा बना गया है। इनके बनने से हल्के बादल छाने शुरू हो गए हैं।
-मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तराई में है। इस कारण नमी नहीं बढ़ रही है। बादल नहीं बरस पा रहे हैं।
-जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन यह कमजोर है।
कैसे रहेंगे अगले 24 घंटे
प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। खासकर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है। जबलपुर और ग्वालियर में धूप-छांव वाला मौसम रहने का अनुमान है।

